अंबिकापुर, 14 जुलाई।
सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मृतक की पहचान उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सलका निवासी 28 वर्षीय पवन कुमार पंडो के रूप में हुई है। वह बगदेवा में एक शोक कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी बाइक से ससुराल जा रहे थे। इस दौरान अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर कटिंदा के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयावह थी कि पवन सड़क पर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।















