नवादा, 14 जुलाई।
सिरदला थाना क्षेत्र के भलूया गांव में एक 28 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतका हेमलता देवी का चार वर्षीय बेटा जब काफी देर तक अपनी मां को उठाता रहा और दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को शक हुआ। ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो वह फंदे पर लटकी हुई मिली।
परिजनों ने बताया कि मृतका का मायका हरनारायणपुर में है। उन्होंने पति, सास, ससुर और ननद पर 10 लाख रुपये के दहेज की मांग को लेकर निरंतर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाया गया।
मृतका के भाई ने बताया कि वह तीन माह की गर्भवती थी और सोमवार रात आखिरी बार उनसे बात हुई थी। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि ससुर के साथ उसका ब्लूटूथ ईयरफोन को लेकर विवाद हुआ था।
घटना के दौरान आक्रोशित परिजनों ने घर में तोड़फोड़ की और पुलिसकर्मी के साथ भी मारपीट की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। पुलिस और ग्रामीणों ने किसी तरह माहौल शांत कराया।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। फिलहाल शव को नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।















