नई दिल्ली, 14 जुलाई।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप के आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण किया। उन्होंने बताया कि यह चैंपियनशिप 27 जुलाई से 2 अगस्त तक नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होगी, जिसमें 25 राष्ट्रमंडल देशों के शीर्ष खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
दिल्ली के होटल ललित में आयोजित समारोह में खेल मंत्री आशीष सूद, राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस फेडरेशन के अध्यक्ष विवेक कोहली, शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक नितिन जिंदल, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारी, खिलाड़ी और प्रशिक्षक मौजूद रहे।
खेल मंत्री आशीष सूद ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली सरकार खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण केवल चैंपियनशिप से जुड़ा आयोजन नहीं, बल्कि दिल्ली के खेल भविष्य की नई सोच का प्रतीक भी है। उनके अनुसार दिल्ली केवल देश की राजधानी ही नहीं, बल्कि स्पोर्ट्स कैपिटल और भविष्य के वैश्विक खेल केंद्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि 27 जुलाई से 2 अगस्त तक त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में 25 राष्ट्रमंडल देशों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय खेल समुदाय और दुनिया भर के खेल प्रेमियों की निगाहें दिल्ली पर रहेंगी। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता राजधानी के लिए किसी अंतिम पड़ाव की नहीं, बल्कि एक बड़े सफर की शुरुआत है।
आशीष सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार भविष्य में राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल, विश्व चैंपियनशिप और अन्य बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए राजधानी को तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि विश्वस्तरीय खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ऐसा माहौल तैयार कर रही है, जहां खिलाड़ी बनने का सपना देखने वाले हर बच्चे को विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना, अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग, खेल विज्ञान और बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए हर आवश्यक सहयोग मिले।
खेल मंत्री ने बताया कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करेगी। इनमें तैराकी, एथलेटिक्स, कुश्ती और टेबल टेनिस सहित कई खेल शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि ये केंद्र केवल प्रशिक्षण संस्थान नहीं होंगे, बल्कि भविष्य की खेल प्रतिभाओं को तैयार करने वाली मजबूत खेल पाइपलाइन के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में यही खिलाड़ी कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप जैसे बड़े मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आशीष सूद ने कहा कि विश्वस्तरीय खेल आयोजनों की मेजबानी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का निर्माण दिल्ली सरकार की दोहरी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि ऐसे चैंपियन तैयार करना है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनें। उन्होंने कहा कि आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ आत्मविश्वास, उत्कृष्टता, दृढ़ संकल्प, खेल भावना और भारतीय संस्कृति का प्रतीक है। भारतीय परंपरा में मयूर को गौरव, ऊर्जा और सौंदर्य का प्रतीक माना जाता है और यह शुभंकर दुनिया भर से आने वाले खिलाड़ियों का स्वागत करने के साथ युवाओं को भारतीय मूल्यों और वैश्विक उत्कृष्टता का संदेश भी देगा।















