रांची, 14 जुलाई।
झारखंड में मानसून की फिर से धमाकेदार एंट्री हुई है। बीते एक दिन में सबसे अधिक रामगढ़ में 80.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
मौसम विभाग ने सूबे के लिए 18 जुलाई तक का येलो अलर्ट घोषित किया है। इस दौरान राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका बनी रहेगी।
विभाग के अनुसार, 15 से 17 जुलाई के बीच भारी वर्षा के आसार हैं। इस समय हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। लोगों को आकाशीय बिजली और निचले इलाकों में जलजमाव को लेकर सावधान रहने को कहा गया है।
तापमान की बात करें तो जमशेदपुर सबसे गर्म रहा, जहाँ पारा 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, रांची के नामकुम में सबसे कम 23 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
राजधानी में मंगलवार सुबह उमस भरी रही, मगर दोपहर बाद हुई फुहारों ने माहौल सुहावना कर दिया। शहर का अधिकतम तापमान 31.6 और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बोकारो, डाल्टनगंज और चाईबासा में भी पारे की स्थिति में गर्मी बनी हुई है।














