इंदौर, 14 जुलाई।
नीट पेपर लीक और 23 सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रों का आक्रोश सातवें आसमान पर है। पिछले 14 दिनों से टंट्याभील चौराहे पर जारी शांतिपूर्ण धरना अब उग्र हो गया है। मंगलवार को सैकड़ों छात्रों ने विशाल रैली निकाली और सीधे कलेक्ट्रेट का रुख किया।
प्रदर्शनकारी छात्र कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, यह आंदोलन थमेगा नहीं।
इस प्रदर्शन को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का भी साथ मिला है। पार्टी के समर्थक बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और छात्रों की मांगों को अपना नैतिक समर्थन दिया। सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने पहले ही वीडियो कॉल के जरिए छात्रों से संवाद कर अपना सहयोग सुनिश्चित किया था।
आंदोलन में राहुल राठौर सहित कई युवा नेता भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों और शैक्षणिक मुद्दों को लेकर वे निरंतर जागरूकता अभियान चला रहे हैं। छात्रों ने आगे की रणनीति बनाते हुए सरकार को चेताया है कि जल्द समाधान न होने पर संघर्ष और व्यापक होगा।















