न्यूटाउन, 14 जुलाई।
पश्चिम बंगाल के न्यूटाउन स्थित एक गेस्ट हाउस में बिधाननगर पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए दो करोड़ 20 लाख रुपये की भारी नकदी बरामद की है। इस छापेमारी में सात लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। बरामद धन के स्रोत और इसके उपयोग को लेकर पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।
गुप्त सूचना मिलने के बाद बिधाननगर पुलिस की साइबर अपराध शाखा और खुफिया शाखा ने संयुक्त रूप से गेस्ट हाउस पर धावा बोला। पूरी रात चले सर्च ऑपरेशन के बाद इतनी बड़ी रकम बरामद हुई। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है कि आखिर यह पैसा कहां से आया और इसे किस उद्देश्य के लिए इकट्ठा किया गया था।
शुरुआती जांच में साइबर ठगी का लिंक होने का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इस मोटी रकम को हवाला के जरिए दूसरे राज्यों या विदेशों में भेजने की योजना तो नहीं थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए सात लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस ने बताया कि बरामद की गई नकदी की गिनती के बाद उसे सुरक्षित कर लिया गया है। इस कार्रवाई ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। जांच की दिशा और पकड़े गए लोगों के बयानों के आधार पर भविष्य में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














