हैदराबाद, 14 जुलाई।
वियतनाम में हुई भीषण नौका दुर्घटना में जान गंवाने वाले आंध्र प्रदेश के तीन लोगों के पार्थिव शरीर मंगलवार को हैदराबाद पहुंचे। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राज्य के मंत्री कोंडापल्ली श्रीनिवास ने खुद उपस्थित होकर शोक संतप्त परिवारों से भेंट की और उन्हें ढांढस बंधाया।
मृतकों में कडपा के मुडियम श्रीधर, मछलीपट्टनम की गेल्ली जयलक्ष्मी और हिंदुपुर के रवि तेजा शामिल हैं। इन शवों को सोमवार रात मुंबई लाया गया था, जहां तमाम कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मंगलवार सुबह इन्हें हैदराबाद भेजा गया। सरकार ने शवों को सम्मान के साथ उनके पैतृक गांवों तक पहुंचाने के लिए निशुल्क एम्बुलेंस सेवा का प्रबंध किया है।
मंत्री श्रीनिवास ने कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस पूरी प्रक्रिया को सफल बनाने में नागरिक उड्डयन मंत्रालय और वियतनाम में स्थित भारतीय दूतावास ने समन्वय की भूमिका निभाई है।
गौरतलब है कि एक निजी मोबाइल कंपनी द्वारा आयोजित पर्यटन यात्रा के दौरान फु क्वोक द्वीप के पास यह नौका हादसा हुआ था। इस दुखद घटना में कुल 15 भारतीयों की मृत्यु हुई थी, जिनमें तमिलनाडु और केरल के लोग भी शामिल थे। मछलीपट्टनम की मृतक जयलक्ष्मी के पति किशोर अभी वियतनाम के अस्पताल में अपना उपचार करवा रहे हैं।














