जगदलपुर, 14 जुलाई।
विश्व प्रसिद्ध पुरी रथयात्रा के अवसर पर बस्तर के श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जगदलपुर-पुरी स्पेशल एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
रेलवे द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, ट्रेन संख्या 08553 जगदलपुर से 15 और 23 जुलाई को सुबह 6 बजे रवाना होकर अगले दिन तड़के 1.40 बजे पुरी पहुँचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 08554 पुरी से 16 और 24 जुलाई की शाम 7.15 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 1.15 बजे जगदलपुर पहुँचेगी।
यह विशेष ट्रेन रास्ते में अमागुड़ा, कोरापुट, रायगढ़ा और विजयनगम समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में कुल 12 कोच होंगे, जिनमें चार स्लीपर, छह सामान्य द्वितीय श्रेणी और दो गार्ड-कम-लगेज कोच की सुविधा दी गई है।
रेलवे की ओर से बताया गया है कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से रथयात्रा में शामिल होने वाले बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा उपलब्ध हो सकेगी। यात्री अपनी यात्रा की योजना रेलवे द्वारा जारी इन तिथियों के अनुसार बना सकते हैं।















