इंदौर, 14 जुलाई।
नीट-यूजी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अब सड़क पर मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में मंगलवार को इंदौर से भोपाल तक दो दिवसीय 'जेन-जी साइक्लोथॉन' का आगाज हुआ। 'छात्रों की गूंज' नाम के इस अभियान के तहत जीतू पटवारी ने खुद साइकिल चलाकर करीब 200 किलोमीटर की लंबी यात्रा शुरू की है। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा और कार्यकर्ता उनके साथ शामिल हुए।
यात्रा की शुरुआत सुबह आठ बजे देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के नालंदा परिसर से हुई। यह काफिला शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ देवास और सीहोर के रास्ते बुधवार को भोपाल पहुंचेगा। कांग्रेस की रणनीति के अनुसार, रास्ते में पड़ने वाले हर जिले से 500-500 साइकिल यात्री जुड़ेंगे, जिससे भोपाल पहुंचते-पहुंचते यह संख्या दो हजार से अधिक हो जाएगी। पहले दिन का रात्रि विश्राम सीहोर जिले के आष्टा में प्रस्तावित है।
इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस नई पीढ़ी को अपने पाले में जोड़ने की कोशिश कर रही है। जीतू पटवारी ने सरकार पर हमला बोलते हुए मांग की कि केजी से लेकर पीजी तक निशुल्क शिक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने नीट धांधली और व्यापमं जैसी भर्तियों में हुई अनियमितताओं को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार दिया। उन्होंने इसे केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि एक जरूरी सामाजिक लड़ाई बताया।
यात्रा के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब ट्रक की छत पर कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। बाद में पदाधिकारियों की अपील पर कार्यकर्ता नीचे उतरे। यात्रा में कुपोषण जैसे गंभीर विषयों को भी प्रतीकात्मक रूप से उठाया गया। कांग्रेस का दावा है कि यह साइक्लोथॉन केवल सरकार को घेरने के लिए नहीं, बल्कि छात्रों और अभिभावकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के लिए है।















