नई दिल्ली, 14 जुलाई।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने समाजसेवी नंदकिशोर गोयनका के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। गोयनका का सोमवार को मुंबई स्थित उनके आवास पर निधन हो गया था। वह 96 वर्ष के थे।
सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने संयुक्त शोक संदेश जारी कर कहा कि नंदकिशोर गोयनका जीवनभर गोसेवा सहित विभिन्न सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को सद्गति मिले और गोयनका परिवार तथा उनके सभी स्नेहीजनों को इस कठिन समय में संबल प्राप्त हो।
उल्लेखनीय है कि 28 सितंबर 1930 को हिसार में जन्मे नंदकिशोर गोयनका ने अपना संपूर्ण जीवन समाजसेवा, राष्ट्र निर्माण और धार्मिक गतिविधियों के लिए समर्पित किया। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित स्वयंसेवक रहे और संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। अग्रोहा धाम के विकास और विस्तार में भी उनकी उल्लेखनीय भूमिका रही तथा वह इसके प्रमुख संस्थापकों में शामिल थे।















