नई दिल्ली, 14 जुलाई।
चुनाव आयोग ने हरियाणा और आंध्र प्रदेश में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया से संबंधित कुछ तिथियों में संशोधन किया है। हालांकि, दोनों राज्यों में मसौदा और अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की निर्धारित तिथियों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इस संबंध में चुनाव आयोग ने दोनों राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को पत्र भेजकर उनके अनुरोध के आधार पर संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। नए कार्यक्रम के अनुसार बूथ स्तर के अधिकारियों का घर-घर जाकर सत्यापन करने का कार्य अब 15 जून के स्थान पर 24 जुलाई तक चलेगा। इसके साथ ही मतदाता केंद्रों की पुनर्व्यवस्था का कार्य भी 24 जुलाई तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 31 जुलाई तक मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके बाद 31 जुलाई से 28 सितंबर के बीच प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर को किया जाएगा।















