काठमांडू, 14 जुलाई।
नेपाल में भारी वर्षा के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मूसलाधार बारिश से उपजी बाढ़ और भूस्खलन ने राजधानी काठमांडू का संपर्क मुख्य सड़क मार्गों से काट दिया है। मार्ग बंद होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
मकवानपुर जिला प्रशासन ने कांति लोकपथ राजमार्ग पर भूस्खलन के चलते इसे आगामी आदेश तक बंद करने का निर्णय लिया है। इसी तरह हेटौंडा–भैंसे–भीमफेदी मार्ग पर भी आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। वाहनों को हेटौंडा बाजार में ही रोक दिया गया है।
भैंसे–पालुंग–नौबिसे मार्ग पर भी पत्थरों के गिरने के खतरे को देखते हुए वाहनों का संचालन रोक दिया गया है। कुलेखानी–फाखेल मार्ग पर सुकौरा के पास मलबा हटा दिया गया था, पर वहां भी सुरक्षा कारणों से यातायात की अनुमति नहीं दी गई है।
हेटौंडा–सिस्नेरी मार्ग पर बाढ़ के कारण कई वाहन रात भर फंसे रहे। पुलिस ने मंगलवार सुबह से यहां फंसे छोटे वाहनों को निकालने की कवायद शुरू की है। प्रशासन ने सिन्धुली और नारायणगढ़ को ही फिलहाल आवाजाही के लिए सुरक्षित माना है।
नारायणगढ़–मुग्लिङ मार्ग पर भी भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए हेटौंडा से आने वाले यातायात पर कड़ी नजर रखी है और अन्य सभी रास्तों को फिलहाल प्रतिबंधित कर दिया गया है।















