पलामू, 14 जुलाई।
जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित हुटुकदाग गांव में जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। महज आधा कट्ठा जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग को गोली मार दी गई।
पीड़ित विश्वनाथ लोहरा अपने खेत की जुताई की खबर मिलने पर वहां पहुंचे थे। उस जमीन पर मथुरा लोहरा और उसके भाई जोताई कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई।
विवाद के बीच मथुरा लोहरा अचानक बंदूक लेकर वहां पहुंचा और सीधे विश्वनाथ पर फायरिंग कर दी। गोली उनके पेट में जा लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
घायल बुजुर्ग को पहले छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन कर उनके पेट से गोली निकाल दी है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी और उसके भाई मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है और आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।














