काबुल, 21 जुलाई।
अफगानिस्तान में लगातार हुई भारी बारिश के बाद पूर्वी क्षेत्र के नूरिस्तान प्रांत में अचानक आई बाढ़ ने व्यापक तबाही मचाई है। सरकारी अधिकारियों के अनुसार, इस आपदा में अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 80 से अधिक लोग घायल हुए हैं और करीब 100 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
अफगानिस्तान की समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, अफगानिस्तान नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने घटना की पुष्टि की है। अथॉरिटी ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नूरिस्तान प्रांत की राजधानी पारुन में आई बाढ़ से कम से कम 20 लोगों की जान गई, 80 से ज्यादा लोग घायल हुए और 100 से अधिक लोग लापता हैं।
अथॉरिटी ने अपने बयान में कहा कि यह आंकड़े प्रारंभिक हैं और प्रभावित क्षेत्रों में बचाव अभियान अभी भी जारी है। सर्वे और नुकसान के आकलन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विस्तृत और प्रमाणित जानकारी साझा की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव संभव है तथा बाढ़ से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है।














