नई दिल्ली, 21 जुलाई।
पर्यावरणविद सोनम वांगचुक को मंगलवार शाम दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके बाद उन्हें आगे के उपचार के लिए गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल की चिकित्सकीय टीम को सौंप दिया गया। यह प्रक्रिया दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के बाद पूरी की गई।
सफदरजंग अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, शाम 6:40 बजे सोनम वांगचुक को मेदांता अस्पताल की मेडिकल टीम के सुपुर्द किया गया। अस्पताल ने बताया कि छुट्टी के समय उनके आवश्यक स्वास्थ्य मानक स्थिर थे।
बुलेटिन में कहा गया है कि वांगचुक अब भी पैनसाइटोपेनिया से पीड़ित हैं। इस स्थिति में रक्त की तीनों प्रमुख कोशिकाएं—लाल रक्त कोशिकाएं, श्वेत रक्त कोशिकाएं और प्लेटलेट्स—सामान्य स्तर से कम हो जाती हैं। इसके अलावा उनका सीरम पोटेशियम स्तर 3.4 एमईक्यू/एल दर्ज किया गया।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि आगे के उपचार में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए उनकी मेडिकल टीम को सभी आवश्यक दस्तावेज, जांच रिपोर्ट और उपचार से संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध करा दिए गए हैं।















