रायपुर, 21 जुलाई।
रायपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित दो दर्जन से अधिक मामलों में वांछित और पिछले छह वर्षों से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर संजय रक्सेल को गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ स्थायी वारंट जारी था और उसकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, थाना खमतराई में वर्ष 2020 में दर्ज हत्या के प्रयास और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले के बाद से संजय रक्सेल फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से स्थायी वारंट भी जारी किया गया था।
फरार आरोपितों की समीक्षा के दौरान पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया। टीम ने तकनीकी निगरानी, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के जरिए आरोपित की गतिविधियों पर नजर रखी।
पुलिस को आरोपित के ठिकाने की सटीक सूचना मिलने पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस के मुताबिक, संजय रक्सेल थाना मौदहापारा का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, बलवा, चोरी, नकबजनी, मारपीट, तोड़फोड़, शासकीय कार्य में बाधा, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और नारकोटिक एक्ट सहित दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।















