राजगढ़, 21 जुलाई।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कुरावर और नरसिंहगढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए किन्नर का वेश धारण कर महिलाओं को धार्मिक अनुष्ठान और चमत्कारी शक्तियों का झांसा देकर आभूषण ठगने वाले एक कथित अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपितों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटे और ठगे गए आभूषण तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2.40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने बताया कि 9 जुलाई को कुरावर निवासी एक महिला के घर दो व्यक्ति पहुंचे, जिनमें एक किन्नर के वेश में था। आरोपितों ने धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर महिला को विश्वास में लेकर उसका सोने का मंगलसूत्र उतरवाया और मौका मिलते ही लेकर फरार हो गए। इसके बाद 18 जुलाई को नरसिंहगढ़ क्षेत्र के मूंडला बारोल गांव में एक अन्य महिला से भी इसी तरह धार्मिक बातों में उलझाकर सोने के टॉप्स ठग लिए गए।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय था। पूछताछ में नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के काछीपुरा गांव में हुई दो अन्य वारदातों का भी खुलासा हुआ, जहां महिलाओं को चमत्कारी शक्तियों का भय और लालच दिखाकर धोखाधड़ी तथा लूट की घटनाओं को अंजाम दिया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से गिरोह तक पहुंच बनाई। कार्रवाई में मदनलाल, रमेश नाथ, हुकुम, ओमप्रकाश तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के टॉप्स और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपितों से अन्य जिलों में इसी प्रकार की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।















