नई दिल्ली, 21 जुलाई।
प्रधानमंत्री आवास के निकट प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष अपनी बात से पीछे हट गए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पहले संसद में नीट मुद्दे पर चर्चा की मांग स्वीकार होने पर प्रदर्शन समाप्त करने की बात कही थी, लेकिन सरकार के सहमत होने के बाद भी धरना जारी रखा।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार नीट और उससे जुड़े सभी मुद्दों पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अब तक इस विषय पर नियमों के तहत औपचारिक चर्चा के लिए कोई नोटिस नहीं दिया है। उनके अनुसार, राहुल गांधी का यह रवैया लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि राहुल गांधी अपने समर्थकों के साथ अकबर रोड के पास धरने पर बैठे थे। सरकार की ओर से उन्हें और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन को वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से बातचीत के लिए भेजा गया था।
जितेंद्र सिंह के अनुसार, बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने संसद में नीट और उससे जुड़े आंदोलन के सभी मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग रखी और कहा कि मांग स्वीकार होने पर धरना समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की सहमति मिलने के बाद राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की नई मांग रख दी।
उन्होंने कहा कि जब गृह सचिव ने प्रदर्शन स्थल को धरने के लिए उपयुक्त नहीं बताते हुए वहां से हटने का आग्रह किया, तब राहुल गांधी ने इसे अपनी इच्छा का विषय बताया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक वरिष्ठ नेता का अपनी पूर्व बात से इस तरह पीछे हटना उचित नहीं है।















