रायपुर, 21 जुलाई।
रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 459 नाईट्रोसन-10 टेबलेट और बिक्री की 200 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.83 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खम्हारडीह थाना क्षेत्र के चंडी नगर स्थित गदयाही मंदिर के पास दो व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान सुनील बघेल (26) और सचिन महानंद (21) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके बैग से 459 प्रतिबंधित नाईट्रोसन-10 टेबलेट बरामद हुईं। पुलिस द्वारा दवा रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर दोनों कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधित टेबलेट और 200 रुपये नकद जब्त कर लिए। इस संबंध में खम्हारडीह थाने में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बस के माध्यम से ओडिशा से लाई गई थीं। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुटी हुई है।















