कानपुर, 21 जुलाई।
कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में बंद मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, नकदी सहित 1.52 लाख रुपये से अधिक मूल्य का चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि 12 जुलाई को बंद मकान में हुई चोरी के खुलासे के लिए पनकी थाना पुलिस को लगाया गया था। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाटनी पार्क चौराहे के पास से आरोपित अंकुश यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, आरोपित के कब्जे से दो सोने की चेन, पेंडेंट लगी एक सोने की चेन, चांदी की पायल और बिछिया, दो चांदी के दीया स्टैंड, दो कलाई घड़ियां, एक एटीएम कार्ड, लैपटॉप, बैग तथा वारदात में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद सामान की कुल कीमत 1,52,542 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ा दी गई हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित के खिलाफ पहले से चोरी के कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर ई-साक्ष्य ऐप पर अपलोड की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।














