कोरबा, 21 जुलाई।
छत्तीसगढ़ के कोरबा वन मंडल ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 घनमीटर साल लकड़ी बरामद की है। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मामले के मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
वन विभाग के अनुसार, सूचना मिली थी कि कोरबा से अवैध रूप से साल लकड़ी का परिवहन कर उसे रायपुर जिले के अभनपुर स्थित एक आरा मिल में बेचा गया है। सूचना के आधार पर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान प्रारंभ में आरोपित ने अधिकारियों को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन बाद में उसने लकड़ी अभनपुर की आरा मिल में बेचने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपित की निशानदेही पर कोरबा वन मंडल की संयुक्त टीम ने अभनपुर स्थित आरा मिल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान लगभग 20 घनमीटर अवैध साल लकड़ी बरामद की गई। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और दस्तावेजीकरण भी किया गया।
रायपुर वन मंडल की टीम ने आरा मिल में बड़ी मात्रा में संदिग्ध वनोपज मिलने पर उसे सील कर दिया। साथ ही लकड़ी के परिवहन में उपयोग किए जा रहे ट्रैक्टर, क्रेन और अन्य वाहन भी जब्त किए गए। बरामद लकड़ी को सुरक्षित रूप से कोरबा के कसनिया डिपो में जमा कराया गया है।
वन विभाग ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपित सुनील कुमार गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। विभाग का कहना है कि प्रदेश की वन संपदा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अवैध कटाई, परिवहन तथा तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।















